
देहरादून : उत्तराखंड क्रांति दल के नाम से सोशल मीडिया पर वायरल हुई 32 संभावित विधानसभा उम्मीदवारों की सूची को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। यूकेडी के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने सूची को फर्जी बताते हुए इसे जारी करने वाले आशुतोष नेगी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात कही है।
वायरल सूची में दल से निष्कासित आशुतोष नेगी को रायपुर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बताया गया था। इस पर यूकेडी अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब आशुतोष नेगी को दल से निष्कासित किया जा चुका है, तो वे किस अधिकार से पार्टी के उम्मीदवारों की सूची जारी कर रहे हैं।
कुकरेती ने आरोप लगाया कि आशुतोष नेगी राष्ट्रीय राजनीतिक दलों से पोषित होकर यूकेडी की छवि धूमिल करने और पार्टी को तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, यूकेडी महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष संतोष भंडारी के नाम से सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट को लेकर भी पार्टी ने सवाल उठाए हैं। पोस्ट में यूकेडी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट का दावा किया गया था। यूकेडी अध्यक्ष ने ऐसी किसी घटना से इनकार करते हुए पोस्ट को भी फर्जी बताया।



