
सतपुली। गुमखाल–सतपुली हाईवे पर शनिवार सुबह सतपुली मल्ली के समीप पहाड़ी से अचानक मलबा और भारी पत्थर गिरने से सब्जियों से भरा एक पिकअप वाहन उसकी चपेट में आ गया। राहत की बात यह रही कि चालक पहले ही खतरे को भांपकर वाहन छोड़ सुरक्षित स्थान पर चला गया था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
उपनिरीक्षक रियाज अहमद ने बताया कि सुबह करीब सात बजे सूचना मिलने पर थाना सतपुली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग के गेस्ट हाउस से लगभग 200 मीटर पहले मलबे में दबे पिकअप वाहन की जांच की गई, लेकिन उसके अंदर कोई व्यक्ति नहीं मिला।
वाहन स्वामी से संपर्क करने पर चालक रईस अहमद पुत्र शफीक अहमद, निवासी कस्बा जलालाबाद, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) ने बताया कि वह शुक्रवार देर रात कोटद्वार से सब्जियां लेकर आ रहा था। रात करीब 11:30 बजे भारी बारिश के कारण सड़क पर बड़े-बड़े पत्थर और मलबा आ गया, जिससे मार्ग अवरुद्ध हो गया। लगातार पत्थर गिरने की आशंका को देखते हुए उसने वाहन वहीं छोड़ दिया और स्वयं सुरक्षित स्थान पर चला गया। इसके बाद पहाड़ी से गिरे बड़े पत्थर वाहन से टकरा गए।
घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि पिकअप वाहन को नुकसान पहुंचा है। लगातार बारिश के चलते क्षेत्र में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।



