
श्रीनगर गढ़वाल : हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान कुछ निहंग सिखों पर यातायात नियमों के उल्लंघन और उपद्रव के आरोपों को लेकर शुक्रवार को स्थानीय युवाओं एवं छात्र नेताओं ने श्रीनगर कोतवाली पहुंचकर पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
भाजयुमो के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सुधीर जोशी, आर्यन छात्र संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय बिष्ट, शिवप्रताप कंडारी, देवकांत देवराड़ी और आयुष मियां ने पुलिस को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि यात्रा के दौरान कुछ लोगों द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन और अनुशासनहीनता की घटनाएं सामने आई है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय युवा मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन करते हैं तो पुलिस तत्काल कार्रवाई करती है, लेकिन बाहरी राज्यों से आने वाले कुछ लोगों के मामलों में उसी स्तर की सख्ती दिखाई नहीं देती। उनका कहना था कि कानून सभी नागरिकों पर समान रूप से लागू होना चाहिए।
छात्र नेताओं ने मांग की कि यात्रा के दौरान उपद्रव फैलाने, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने अथवा मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध निष्पक्ष एवं कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान शांति, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बना रहे।
इस दौरान छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोबारा सामने आती हैं तो युवा आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।



