
पटना : साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है. एसएसपी पटना के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) की निगरानी में साइबर अपराधियों के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत साइबर थाना पटना की टीम ने दो अलग-अलग साइबर ठगी मामलों में संलिप्त दो आरोपियों को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले से गिरफ्तार किया है।
क्या है मामला? : पुलिस के अनुसार, पहला मामला साइबर थाना कांड संख्या 2157/24 से जुड़ा है. इस मामले में अपराधियों ने पीड़ित को डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर 2 करोड़ 66 लाख 20 हजार 397 रुपये की ठगी कर ली थी. वहीं दूसरा मामला साइबर थाना कांड संख्या 512/26 का है, जिसमें बिजली मीटर अपडेट करने के नाम पर मोबाइल फोन हैक कर 56 हजार 100 रुपये की अवैध निकासी की गई थी।
WB के हुगली से गिरफ्तारी : दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया था. गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में छापेमारी की. इस दौरान दोनों मामलों में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
शुभम राय को श्रीरामपुर से दबोचा गया : साइबर थाना पटना के पुलिस उपाधीक्षक सह थानाध्यक्ष नीतीश चंद्र धारिया ने बताया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि डिजिटल अरेस्ट के नाम पर हुई करोड़ों रुपये की ठगी के मामले में पुलिस लगातार अनुसंधान कर रही थी. इसी क्रम में सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शुभम राय को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी शुभम राय पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के श्रीरामपुर क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है. पुलिस के अनुसार डिजिटल अरेस्ट के नाम पर की गई करोड़ों रुपये की ठगी में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका सामने आई है. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है ताकि इस गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
बिजली मीटर अपडेट के नाम पर ‘चूना’ लगाया : वहीं दूसरे मामले में पुलिस ने आंचल चटर्जी नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया कि आरोपी ने बिजली मीटर अपडेट करने के बहाने पीड़ित के मोबाइल फोन तक पहुंच बनाई और उसके बैंक खाते से 56 हजार 100 रुपये की अवैध निकासी कर ली. इस मामले में भी साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही थी. आरोपी आंचल चटर्जी भी पश्चिम बंगाल के हुगली जिले का रहने वाला है।
”फिलहाल दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रतर विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है. उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी है.”- नीतीश चंद्र धारियां, डीएसपी, साइबर थाना, पटना।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल अरेस्ट, केवाईसी अपडेट, बिजली मीटर सत्यापन और बैंक खाते से संबंधित कॉल या लिंक भेजकर ठगी करने वाले गिरोह लगातार सक्रिय हैं. ऐसे में आम लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है. किसी भी अनजान कॉल, मैसेज या लिंक पर भरोसा न करें और साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी साइबर थाने से संपर्क करें।

