
नरेंद्रनगर : विकासखंड के कुंजापुरी मंदिर मार्ग पर सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। भारत दर्शन यात्रा पर आई एक बस के ब्रेक फेल होने से वह लगभग 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चार महिलाओं सहित पाँच यात्रियों की मौत होने की पुष्टि हुई है। प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विभिन्न राज्यों से आए 25 से 30 यात्री दो बसों में भारत दर्शन यात्रा पर थे। मां कुंजापुरी मंदिर से दर्शन कर लौटते समय मंदिर मार्ग पर एक बस अचानक अनियंत्रित हो गई।
गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग से कुछ दूरी पहले ही बस के ब्रेक फेल हो गए और वाहन गहरे घाट में लुढ़क गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुँची और बचाव अभियान शुरू किया। खाई की गहराई और दुर्गम भू-भाग के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी मुश्किलें आ रही हैं। टीम अब भी घायलों को निकालकर अस्पताल पहुँचाने में जुटी हुई है।
अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना में अब तक पाँच लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में उपचार के लिए भेजा जा रहा है।



