
नई दिल्ली : भाजपा ने शनिवार को 195 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में भाजपा ने चार भोजपुरी अभिनेताओं पर दांव लगाया है। इनमें से भोजपुरी के पावर स्टार अभिनेता पवन सिंह ने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा के दूसरे दिन ही चुनाव लड़ने से मना कर दिया।
भाजपा ने जिन चार भोजपुरी अभिनेताओं पर दांव लगाया है उसमें से तीन दिनेश लाल यादव निरहुआ, मनोज तिवारी और रवि किशन पहले से ही भाजपा के सांसद हैं। वहीं भोजपुरी स्टार पवन सिंह को भाजपा ने पश्चिम बंगाल के आसनसोल सीट से चुनाव मैदान में उतारने की घोषणा की है। लेकिन, पवन सिंह ने इस सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने में असमर्थता जताई है।
पवन सिंह ने रविवार को एक्स पर लिखा, ”भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का दिल से आभार प्रकट करता हूं। पार्टी ने मुझ पर विश्वास कर आसनसोल का उम्मीदवार घोषित किया लेकिन किसी कारणवश मैं आसनसोल से चुनाव नहीं लड़ पाऊंगा।”
इससे पहले शनिवार को पवन सिंह ने भाजपा द्वारा आसनसोल से लोकसभा का टिकट दिए जाने पर लिखा था, ”शीर्ष नेतृत्व को दिल से धन्यवाद।”

