
देहरादून : केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, एनटीए (राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी) को रद्द करने, दिल्ली के जंतर-मंतर पर पुलिस लाठीचार्ज की निंदा और सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की तत्काल रिहाई की मांग को लेकर सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन्स (सीआईटीयू) की देहरादून इकाई ने सोमवार को गांधी पार्क के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर अपना गुस्सा जाहिर किया।
सीआईटीयू देहरादून के महामंत्री लेखराज ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार विफल हो रही है। उन्होंने एनईईटी-यूजी पेपर लीक जैसी घटनाओं के लिए शिक्षामंत्री को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। लेखराज ने कहा, “शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए और एनटीए जैसी नाकाम एजेंसी को बंद किया जाना चाहिए। हम सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी की भी निंदा करते हैं और उनकी तत्काल रिहाई की मांग करते हैं।”
गौरतलब है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया। प्रदर्शनकारी शिक्षामंत्री के इस्तीफे और एनटीए को खत्म करने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बल का प्रयोग किया, जिसमें कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया गया। इससे पहले शनिवार को पुलिस ने भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाकर अस्पताल पहुंचाया था, जिसे कार्यकर्ताओं ने अवैध हिरासत करार दिया।
सीआईटीयू कार्यकर्ताओं ने इन सभी मुद्दों पर एकजुट होकर देहरादून में विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने शिक्षामंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गांधी पार्क के सामने उनका पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक सरकार उनकी मांगें नहीं मानती, वे आंदोलन जारी रखेंगे।
इस अवसर पर सीआईटीयू के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। प्रदर्शन के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
इस अवसर पर सीपीएम के राज्य सचिव राजेंद्र पुरोहित,सीटू के प्रांतीय कोषाध्यक्ष मनमोहन रौतेला,बस्ती बचाओ आंदोलन के संयोजक अनंत आकाश,जिला अध्यक्ष एस.एस.नेगी उपाध्यक्ष भगवंत पायल ,सचिव अभिषेक भंडारी, कृष्ण गुनियाल,कोषाध्यक्ष रवींद्र नौडियाल, हिमांशु चौहान,दयाकिशन पाठक ,मनीष कुमार , मनीष भंडारी , रामसेवक , दीपक शर्मा , सुरेंद्र सिंह बिष्ट ,दीक्षांत बिष्ट ,विनीत कुमार ,मुकेश सिंह , राजीव सिंह ,आशा यूनियन की महामंत्री लोकेश देवी आदि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
इसके पश्चात जिला मुख्यालय पर पहुंच कर प्रदर्शन कर धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करने की मांग को लेकर भीम आर्मी व सीटू ने संयुक्त रूप से महामहिम राष्ट्रपति महोदय को ज्ञापन आपर नगर मजिस्ट्रेट के माध्यम से भेजा ।
इस अवसर पर भीम आर्मी के उपाध्यक्ष उमेश कुमार , गौरव रजोरिया , आजम खान , आंबेडकर युवक संघ के अध्यक्ष दिलेराम रवि ,कपिल कुमार , बनती सूर्यवंशी , अमित कुमार , शाहदेव कुमार , वीरेंद्र सिंह , शेखर कुमार आदि बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।



