उत्तर प्रदेश

कैंटर से टकराई कार, 03 यात्रियों की मौत, 01 गंभीर।

बरेली : नवाबगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा नवाबगंज के इनायतपुर गांव के पास हुआ, जहां पंजाब जा रही यात्रियों से भरी स्कॉर्पियो की सामने से आ रहे कैंटर से जोरदार भिड़ंत हो गई।

जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग लखीमपुर खीरी के पलिया क्षेत्र से पंजाब के लुधियाना जा रहे थे. जैसे ही वाहन इनायतपुर गांव के पास पहुंचा, सामने से आ रहे कैंटर से उसकी आमने-सामने की टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही नवाबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला. गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बरेली रेफर किया गया है. जहां उसका इलाज चल रहा है. राहत की बात यह रही कि स्कॉर्पियो चालक इस हादसे में सुरक्षित बच गया।

नवाबगंज इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने बताया कि दुर्घटना में तीन लोगों की मृत्यु हुई है, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दी जा रही है. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक तौर पर यह मामला तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर का प्रतीत हो रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button