उत्तराखंडदेहरादून

सड़क सुरक्षा अभियान, 42 चालान एवं 10 वाहन बंद।

देहरादून : आरटीओ प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा देहरादून डॉ. अनीता चमोला के निर्देशन में दिनांक 29/30 मई 2026 की रात्रि को परिवहन विभाग द्वारा देहरादून जनपद में सघन प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान में एआरटीओ प्रवर्तन देहरादून, एआरटीओ विकासनगर तथा इंटरसेप्टर दल देहरादून द्वारा संयुक्त रूप से विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं चौराहों आइ एस बी टी, बल्लुपुर चौराहा, ट्रांसपोर्ट नगर एवं आशारोड़ी पर वाहनों की जांच की गई।

अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाना, दुर्घटनाओं की रोकथाम करना तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना था। विशेष रूप से बिना फिटनेस संचालित वाहनों, शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों, ओवरलोड वाहनों, आनलाइन माध्यम (ब्ला-ब्ला व रेपिडो ऐप ) से प्राइवेट वाहनों का व्यवसायिक उपयोग तथा अन्य गंभीर यातायात उल्लंघनों पर विशेष निगरानी रखी गई।

संयुक्त जांच अभियान के दौरान कुल 42 वाहनों के चालान किए गए तथा 10 वाहनों को विभिन्न अभियोगों में बंद (सीज) किया गया। बंद किए गए वाहनों में बिना फिटनेस संचालित वाहन, शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालक तथा ओवरलोडिंग करने वाले वाहन प्रमुख रूप से शामिल रहे।

परिवहन विभाग द्वारा बताया गया कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल चालक बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करता है। इसी प्रकार बिना फिटनेस एवं ओवरलोड वाहन सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शामिल हैं। ऐसे मामलों में विभाग द्वारा शून्य सहनशीलता (Zero Tolerance) की नीति अपनाते हुए कठोर कार्रवाई की जा रही है।

डॉ. अनीता चमोला ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रवर्तन का विषय नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करते हुए निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाना चाहिए, वाहन के सभी वैध दस्तावेज अद्यतन रखने चाहिए तथा किसी भी स्थिति में शराब अथवा अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर वाहन संचालन नहीं करना चाहिए।

परिवहन विभाग ने आमजन से अपील की है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर स्वयं तथा अन्य लोगों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करें। भविष्य में भी सड़क सुरक्षा एवं यातायात अनुशासन को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार संचालित किए जाते रहेंगे।

प्रवर्तन कार्यवाही में एआरटीओ (प्रवर्तन ) देहरादून पंकज श्रीवास्तव, एआरटीओ (प्रवर्तन ) विकासनगर अनिल सिंह नेगी व परिवहन कर अधिकारी श्वेता रौथाण मय दल सम्मिलित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button