
देहरादून : बहुजन समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष दिग्विजय सिंह ने कृषि मंत्री गणेश जोशी के खिलाफ विशेष न्यायाधीश सतर्कता द्वारा मुकदमा चलाए जाने की अनुमति दिए जाने के निर्देश पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कृषि मंत्री गणेश जोशी को मंत्रि परिषद से बर्खास्त किये जाने की मांग की है।
मडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मांग करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा है कि आपके कुशल नेतृत्व में उत्तराखण्ड राज्य में भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलिरेंस के मामले में राज्य सरकार अग्रसर है, परन्तु आपके ही मंत्रि परिषद के वरिष्ठ मंत्री गणेश जोशी पर आय से अधिक सम्पत्ति अर्जित करने के मामले के खुलासे से सरकार के भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस पर आम जनता आशंका व्यक्त करने लगी है।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि जिस प्रकार से विशेष न्यायाधीश सतर्कता द्वारा कृषि मंत्री पर मुकदमा चलाने की अनुमति दिए जाने के निर्देश दिए गए है, वह गम्भीर विषय है। जहां एक ओर उत्तराखंड का नौजवान रोजगार के लिए सड़कों पर मारा-मारा फिर रहा है तथा पूरे दिन कडी धूप में मेहनत करने वाला मजदूर वर्ग दो वक्त की रोटी के लिए संघर्ष कर रहा है, ऐसे में कृषि मंत्री गणेश जोशी पर लगे आय से अधिक सम्पत्ति अर्जित करने के आरोप काफी गम्भीर हैं तथा उन्हें नैतिकता के आधार पर जांच पूरी होने तक अपने पद से त्यागपत्र देना चाहिए।
उत्तराखण्ड राज्य की जनता को आपसे अपेक्षा है कि यदि गणेश जोशी त्यागपत्र नहीं देते हैं तो आप इस मामले का स्वतः संज्ञान लेंते हुए कृषि मंत्री गणेश जोशी को मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर एक नजीर पेश करेंगे।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि न्यायालय द्वारा दिये गये तय समय पर यदि कृषि मंत्री के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाती है तो बहुजन समाज पार्टी इसका विरोध करेगी।



