क्राइमपंजाब

पूर्व अकाली सरपंच की गोली मारकर हत्या, पुरानी रंजिश बनी कारण।

चंडीगढ़ : पंजाब के अमृतसर स्थित गांव सैदपुर के शिवा एन्क्लेव में बीती देर रात पुरानी रंजिश के चलते पूर्व अकाली सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें गोलियों की आवाज रिकॉर्ड हुई है. फुटेज में करीब 7 गोलियों की आवाज सुनी जा सकती है. फिलहाल पुलिस ने सीसीटीवी को अपने कब्जे में ले लिया है।

इस संबंध में मृतक के बेटे ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि उनका आरोपी शुभम जो जालंधर का रहने वाला है (फिलहाल अमृतसर में अपने ससुराल में रह रहा है) के साथ झगड़ा हुआ था. तब भी हमारे आवेदन के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी. मृतक के बेटे सिमरनपाल सिंह ने बताया कि शुभम ने 7 गोलियां चलाईं, जिसमें से 3 गोलियां उसके पिता को लगी।

सिमरनपाल ने बताया, “कुछ महीने पहले शुभम और उसकी पत्नी ने मेरी कार के शीशे तोड़ दिए थे. उस समय भी कार पार्किंग को लेकर उनका झगड़ा हुआ था. हमने थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी. उस समय भी शुभम ने हमें धमकाया था।

उसने बताया, “कल कॉलोनी की लाइट चली गई थी, जिसे ठीक करने के चक्कर में सीढ़ी उसके घर से लग गई थी. शुभम ने उसे फेंक दिया. फिर जब मेरे पिता बाहर निकले तो शुभम ने फायरिंग शुरू कर दी. हमने भागकर जान बचाई. जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने मेरे पिता को मृत घोषित कर दिया.”
सिंह ने कहा कि हम पुलिस प्रशासन से इंसाफ की मांग करते हैं. उन्होंने कहा कि जिस पिस्तौल से गोलियां चलाई गई हैं, वह भी अवैध पिस्तौल है और उसका लाइसेंस भी चेक किया जाना चाहिए।

इस मौके पर पुलिस अधिकारी बघेल सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि बीती देर रात पुरानी रंजिश के चलते शुभम नामक व्यक्ति और उसकी पत्नी ने अपने पड़ोसी पूर्व अकाली सरपंच कुलविंदर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी. हमने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा रहे हैं। आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button