
देहरादून : मालागूंठी क्षेत्र में सोमवार को दो वाहनों की जोरदार टक्कर से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में स्विफ्ट कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार तीन महिलाओं समेत चार लोग वाहन के अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर सभी घायलों को बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, चौकी ब्यासी को मालागूंठी क्षेत्र में सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना पर मुख्य आरक्षी मोहन सिंह के हमराह एसडीआरएफ रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि एक भारी वाहन और स्विफ्ट कार संख्या UK12F के बीच जोरदार टक्कर हुई थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चार लोग बाहर नहीं निकल पा रहे थे।
एसडीआरएफ जवानों ने बिना समय गंवाए स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों और तकनीकी दक्षता का इस्तेमाल करते हुए कार में फंसे तीन महिलाओं और एक पुरुष को बाहर निकाला, हादसे में घायल सभी चार लोगों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।



